कोरोनावायरस संक्रमण के गुरुवार को 35 नए मामले सामने आए हैं। आंध्रप्रदेश में 21, राजस्थान में 9, महाराष्ट्र में 3 और मणिपुर और अरुणाचल प्रदेश में 1-1 मरीज की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अरुणाचल में संक्रमण का यह पहला मामला है। देर रात इंदौर में 12 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके साथ ही देश के 29 राज्यों में कोरोनावायरस के संक्रमितों की संख्या 2 हजार 94 हो गई है। 169 लोग ठीक हुए, जबकि 56 मौतें हुईं। मंगलवार से बुधवार तक 24 घंटे में रिकॉर्ड 437 नए केस सामने आए। ये आंकड़े covid19india.org वेबसाइट के अनुसार हैं। वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को बुधवार को बताया कि देश में संक्रमितों की संख्या 1 हजार 965 हो गई है। इनमें से 150 लोग ठीक हुए हैं और इस संक्रमण से अब तक 50 मौतें हुई हैं।
30 राज्यों में पहुंचा कोरोना संक्रमण
राज्य | कितने संक्रमित | कितनी मौत | कितने ठीक हुए |
महाराष्ट्र | 338 | 14 | 39 |
केरल | 265 | 2 | 26 |
तमिलनाडु | 234 | 1 | 6 |
दिल्ली | 152 | 2 | 6 |
तेलंगाना | 127 | 9 | 14 |
राजस्थान | 129 | 2 | 3 |
उत्तरप्रदेश | 117 | 2 | 17 |
कर्नाटक | 110 | 3 | 9 |
आंध्रप्रदेश | 132 | 0 | 2 |
मध्यप्रदेश | 98 | 7 | 0 |
गुजरात | 87 | 6 | 5 |
जम्मू-कश्मीर | 62 | 2 | 2 |
पंजाब | 46 | 4 | 1 |
हरियाणा | 43 | 0 | 27 |
प.बंगाल | 37 | 3 | 3 |
बिहार | 24 | 1 | 0 |
चंडीगढ़ | 17 | 1 | 0 |
लद्दाख | 13 | 0 | 3 |
असम | 16 | 0 | 0 |
अंडमान-निकोबार | 10 | 0 | 0 |
छत्तीसगढ़ | 9 | 0 | 0 |
उत्तराखंड | 7 | 0 | 0 |
गोवा | 5 | 0 | 0 |
ओडिशा | 5 | 0 | 1 |
हिमाचल प्रदेश | 3 | 1 | 1 |
पुडुचेरी | 3 | 0 | 0 |
मणिपुर | 2 | 0 | 0 |
मिजोरम | 1 | 0 | 0 |
झारखंड | 1 | 0 | 0 |
अरुणाचल प्रदेश | 1 | 0 | 0 |
देश के 10 राज्यों का हाल
- महाराष्ट्र; कुल संक्रमित- 338: गुरुवार को संक्रमण के 3 नए मामले सामने आए हैं। इनमें से 2 मरीज पुणे में और 1 बुलढाणा में मिला है। बुधवार को एशिया की सबसे बड़ी झुग्गी बस्ती धारावी मे मिले संक्रमित की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक के परिवार के सात सदस्यों को होम क्वारैंटाइन किया गया है। उधर, पुणे का स्टार्टअप एनओसीसीए प्राइवेट लिमिटेड कोरोनावायरस आपदा को देखते हुए कम लागत वाले वेंटिलेटर बना रहा है। स्टार्टअप के को-फाउंडर निखिल कुरेले का कहना है कि यह वेंटिलेटर 50 हजार रुपए में तैयार हो जाने का अनुमान है।


- मध्यप्रदेश; कुल संक्रमित- 98: मध्यप्रदेश के इंदौर में बुधवार देर रात 12 और मरीजों की कोरोनावायरस संक्रमण की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके साथ ही शहर में संक्रमितों की संख्या 75 हो गई। इंदौर के टाटपट्टी बाखल इलाके में बुधवार को संक्रमण संदिग्धों की स्क्रीनिंग करने पहुंचे कुछ स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं पर लोगों ने पथराव कर दिया। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।

- राजस्थान; कुल संक्रमित- 129: गुरुवार को 9 और संक्रमित मिले हैं। इनमें से रामगंज में 7 और जोधपुर-झुंझुनूं में 1-1 पॉजिटिव मिला है। इसके साथ ही राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 129 हो गई। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, रामगंज में मिले सातों संक्रमित पहले पॉजिटिव मिले एक व्यक्ति के क्लोज कॉन्टैक्ट में आए थे। वह व्यक्ति 17 करीबियों को संक्रमित कर चुका है। झुंझुनूं में संक्रमित मिला व्यक्ति निजामुद्दीन की तब्लीगी जमात में शामिल हुआ था। राज्य में बुधवार को 17 मामले सामने आए थे।

- उत्तरप्रदेश; कुल संक्रमित- 117: उत्तरप्रदेश पुलिस ने दिल्ली की तबलीगी जमात में शामिल हुए 569 लोगों का पता लगा लिया है। बुधवार को गोरखपुर और मेरठ में दो मरीजों की जान गई। सबसे ज्यादा 34 कोरोना पॉजिटिव गौतम बुद्ध नगर में हैं। उधर, मुजफ्फरनगर के मोरना में लॉकडाउन का उल्लंघन कर रहे लोगों ने पुलिस पार्टी पर हमला कर दिया। हालांकि, इसमें किसी को चोट नहीं आई है।
- दिल्ली; कुल संक्रमित- 152: यहां क्राइम ब्रांच और दिल्ली सरकार ने संयुक्त अभियान चलाकर 275 विदेशी नागरिकों की पहचान की है। इन्हें क्वारैंटाइन कर दिया गया है। ये सभी निजामुद्दीन की तबलीगी जमात में शामिल हुए थे। इनमें 172 इंडोनेशिया के, 36 किर्गिजिस्तान के और 21 बांग्लादेश के हैं। बुधवार को कैंसर इंस्टीट्यूट की महिला डॉक्टर समेत 3 संक्रमित मिले थे। डॉक्टर अपने भाई के घर गई थी, जो हाल ही में ब्रिटेन से लौटा था। केजरीवाल सरकार ने महामारी के दौरान ड्यूटी में लगे सरकारी और निजी कर्मचारियों की मौत होने पर परिजन को 1 करोड़ रुपए की आर्थिक मदद का ऐलान किया है।

- कर्नाटक; कुल संक्रमित- 110: बेंगलुरु और मैसूर देश के 25 हॉटस्पॉट में शामिल हैं। मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने 1 साल की अपनी सैलरी सीएम रिलीफ फंड में दान करने का फैसला लिया है। उन्होंने अन्य लोगों से महामारी से लड़ाई के लिए सहयोग की अपील की है। राज्य में लॉकडाउन का उल्लंघन करने वाले 5 हजार 106 वाहनों सीज किए गए।

- गुजरात; कुल संक्रमित- 87: बुधवार को 13 और मंगलवार को संक्रमण के 4 नए मामले सामने आए। अहमदाबाद में 55 साल का एक व्यक्ति और गांधीनगर में एक महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। राज्य में एक और संक्रमित बताया गया है, लेकिन वह कहां का है यह जानकारी नहीं दी गई। सोमवार को 7 नए मामले सामने आए थे।

- आंध्रप्रदेश; कुल संक्रमित 132: गुरुवार को यहां 21 नए मामले सामने आए। बुधवार को 57 नए मरीज मिले थे। इस बीच, राज्य के उप मुख्यमंत्री अमजद बाशा ने कहा है कि वे 2 मार्च को मुस्लिमों के लिए 4% आरक्षण देने की मांग के मामले में सुप्रीम कोर्ट में हो रही सुनवाई में गए। बाशा ने कहा- मीडिया की कुछ खबरों में कहा जा रहा है कि मैं मरकज की जमात में गया था। यह झूठ है। उधर, मुख्यमंत्री जगनमोहन रेड्डी ने महामारी और लॉकडाउन को देखते हुए सरकारी कर्मचारियों का वेतन फिलहाल टालने का आदेश दिया है। मंत्री विधायकों और जन प्रतिनिधियों का वेतन भी रोका गया है। हालांकि, पेंशनर्स को घर-घर जाकर राशि का भुगतान किया जा रहा है।
- तेलंगाना; कुल संक्रमित- 97: राज्य में बुधवार को कोरोना संक्रमण के 30 नए मामले सामने आए, जबकि 3 की मौत हुई। राज्य में मृतकों का आंकड़ा 9 हो गया है। मरने वाले सभी लोग दिल्ली में तब्लीगी जमात में हिस्सा लेकर लौटे थे। मुख्यमंत्री कार्यालय ने यह जानकारी दी। यहां सबसे ज्यादा 36 संक्रमित हैदराबाद में हैं।
- असम; कुल संक्रमित- 16: राज्य में गुरुवार को कोरोना के 3 नए मरीज मिले। ये पूर्वी असम के गोलाघाट के रहने वाले हैं। ये सभी निजामुद्दीन की जमात से लौटे थे।

गुवाहाटी में पुलिस लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों को नसीहत के साथ सजा दे रही है।
- केरल; कुल संक्रमित- 265: संक्रमितों की संख्या के मामले में केरल महाराष्ट्र के बाद दूसरे स्थान पर है। राज्य में सबसे ज्यादा 121 संक्रमित कासरगोड़ में हैं। इस बीच मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने कहा है कि दिल्ली में मरकज की जमात में शामिल लोगों को निशाना बनाने के लिए सोशल मीडिया पर इरादतन अभियान चलाया जा रहा है। इस महामारी के दौरान कोई धार्मिक अलगाव पैदा करने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अभी तक 47 हजार 951 लोगों की जांच हुई: आईसीएमआर
स्वास्थ्य मंत्रालय के सचिव लव अग्रवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि पॉजिटव मामले मंगलवार से बढ़ने शुरू हुए। इनका संबंध सीधेतौर पर तबलीगी जमात में शामिल लोगों से है। जमात से जुड़े 1 हजार 800 लोगों को 9 अस्पतालों में क्वारैंटाइन किया गया है। अग्रवाल ने बताया कि स्वास्थ्य उपकरणों को राज्यों के अस्पतालों में के लिए लाइफलाइन उड़ान शुरू की जा रही हैं। इसके जरिए पिछले 5 दिनों में 15.5 टन मेडिकल उपकरणों की सप्लाई हुई की गई है। आईसीएमआर ने बताया कि देश में अभी तक 47 हजार 951 लोगों की जांच हुई। जांच सेंटर्स की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई है।